Saturday, 7 June 2025

पत्रकारिता के पांच यार कर देंगे बेड़ा पार

पत्रकारिता में कुछ स्किल ऐसी होती हैं जो समय पर या समय से पहले सीख लेने से प्रोफेशनल लाइफ आसान हो जाती है। परेशानी की जगह इत्मीनान हो जाता है। आज इन्हीं स्किल की चर्चा करते हैं। 

*️⃣ सबसे पहली स्किल है अपने अंदर स्ट्रांग न्यूज सेंस विकसित करना। पत्रकारिता में खबरों की समझ होना सबसे जरूरी चीज है। आपमें यदि न्यूज सेंस की कमी है तो आप पत्रकारिता में आने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करें। यदि न्यूज सेंस कमजोर है तो डेवलप करने की कोशिश करें। 

*️⃣ कैसे डेवलप करेंगे न्यूज सेंस? 

इसका एक तरीका यह हो सकता है। आज आप टीवी पर मुख्य समाचार सुन लीजिए। सिर्फ समाचार सुनिएगा, इसमें टीवी की रायता फैलाने वाली रिपोर्ट को शामिल नहीं करिएगा। मुख्य समाचारों को लिख लीजिए। अपने हिसाब से तय कीजिए कि इन खबरों में से कौन सी खबर कल के अखबार में पेज वन पर ली जा सकती है, कौन सी अंदर के पन्नों पर। अब पेज वन वाली खबरों में से तय कीजिए कि कौन-कौन सी खबर डबल कालम या उससे बड़ी ली जा सकती है। कौन सी खबर लीड बन सकती है। कौन सी खबर सिंगल कालम में ली जा सकती है। इसी तरह अंदर के पन्नों की खबरों के बारे में तय कर लें। दूसरे दिन अखबार में अपनी सूची से मिलान कीजिए कि आप कितने सही हैं या ग़लत। एक माह तक ऐसा कीजिए। आपका न्यूज सेंस बुलंद हो जाएगा।

*️⃣ दूसरी स्किल है न्यूज डेवलप करना। पत्रकारिता में यह स्किल भी बहुत जरूरी है। यदि आप अखबार में नौकरी नहीं कर रहे हैं तो आपके पास न्यूज डेवलप करने की सुविधा नहीं होगी। मैं बताता हूं कि आप कैसे यह सुविधा हासिल कर सकते हैं। आप किसी अखबार की वेबसाइट खोलिए। उसके होम पेज पर अनेक खबरों के शीर्षक दिखाई देंगे लेकिन खबरें नहीं। हेडिंग पर क्लिक करने के बाद खबर खुलती है। आप खबर नहीं खोलिए। दो चार हेडिंग चुन लीजिए। फिर उन पर ख़बरें डेवलप कीजिए। उदाहरण से समझिए। मान लीजिए आपने हेडिंग चुनी है- संपत्ति विवाद में बेटों ने पिता को मार डाला। इसे पढ़कर खबर समझ में आ रही है। अब काल्पनिक चरित्र, स्थान के हिसाब से खबर डेवलप कीजिए। ऐसा रोज़ दो चार खबरों के साथ कीजिए। इस पर मास्टरी हो जाएगी। 

*️⃣ तीसरी स्किल है खबर पुनर्लेखन। आप पूछोगे कि खबर पुनर्लेखन के लिए खबर कहां से आएगी। मैं बताता हूं कि खबर कहां से आएगी। खबर आएगी अखबार और वेबसाइट्स से। आप यहां से खबरें लीजिए और उन्हें दोबारा लिखिए। हालांकि ये खबरें पहले से ही संपादित हैं लेकिन आप यह समझें कि ये सभी असंपादित खबरें हैं। इन्हें नए तरीके से लिखिए। नया इंट्रो, शीर्षक और क्रासर बनाइए। देखिएगा आपने इन खबरों को नया एंगल दे दिया है। 

*️⃣ चौथी स्किल है अंग्रेजी से हिन्दी में अनुवाद का अभ्यास। यह भी जरूरी स्किल में से एक है। कैसे होगा अनुवाद का अभ्यास। इसमें लिए मेहनत करनी होगी। अंग्रेजी अखबार की एक खबर का रोज अनुवाद करिए। साथ में अंग्रेजी हिन्दी शब्द कोष भी रखिए। जिन अंग्रेजी शब्दों का अर्थ नही पता है, उन्हें हिंदी अर्थ के साथ नोट करिए। एक माह ऐसा अभ्यास करने के बाद आप अनुवाद के मास्टर हो जाएंगे। 

*️⃣ पांचवीं स्किल है हिंदी टाइपिंग की। मोबाइल वाली नहीं, कंप्यूटर पर सीखने की बात कर रहा हूं।अखबार में नौकरी शुरू करने से पहले इसे सीख लोगे तो प्रोफेशनल लाइफ आसान हो जाएगी। 

ये पांच स्किल हैं और इनके दम पर पत्रकारिता का किला फतह करना बहुत ही शानदार अनुभव होगा। 

No comments:

Post a Comment

AI का तूफ़ान: कौन बचेगा, कौन बहेगा

 AI कोई धीमी आंधी नहीं है, यह एक ऐसा तूफ़ान है जो दुनिया के हर पेशे, हर दफ्तर और हर स्क्रीन को हिला रहा है। आज की सबसे ईमानदार सच्चाई यही है...